|
देवघर में लगा कांवड़ियों का तांता |
|
|
|
|
द्वारा लिखित Administrator
|
|
देवघर। सावन शुरू होते ही विश्व प्रसिद्घ श्रावणी मेला सोमवार, 26 जुलाई को प्रारंभ हो गया। झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों का तांता लगा है। भक्तों की भी़ड को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। सावन महीने के प्रथम दिन से पूरे महीने शिव भक्त कांवड़ीये गेरूए वस्त्र धारण कर बिहार के सुल्तानगंज से उत्तर वाहिनी गंगा से पावन जल लेकर पदयात्रा करते हुए झारखंड के देवघर तक दुर्गम पदयात्रा कर रावणेश्वर महादेव द्वादश ज्योतिर्लिगों में से एक कामना लिंग पर जलाभिषेक करते हैं। बिहार के उप मुख्य मंत्री सुशील कुमार मोदी सोमवार दोपहर जहां सुल्तानगंज में इस मेले का उद्घाटन करेंगे, वहीं देवघर में झारखंड के राज्यपाल के सलाहकार विजय शंकर दुबे उद्घाटन करेंगे। मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। मंदिर से डेढ़ किलोमीटर दूर तक कांवड़ियों की लंबी कतार लगी है।
देवघर के पुलिस अधीक्षक सुबोध प्रसाद ने सोमवार को बताया, " मेला परिसर में राज्य के अन्य क्षेत्रों से आये 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों तथा 40 से ज्यादा पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है। मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है।" देवघर के जिलाधिकारी मस्तराम मीणा ने बताया, "झारखंड में प्रवेश द्वार दुम्मा में जोनल नियंत्रण कक्ष तथा कांवड़ियों का मार्ग स्थित बीएड कॉलेज के पास नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 33 स्थानों पर अस्थायी प्रशासनिक शिविर बनाये गये हैं, जिनमें दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और चिकित्सा दल के लोग 24 घंटे उपलब्ध होंगे।" |